ब्रेकिंग न्यूज़

“यंग तपस्वी” बना नई पीढ़ी के समग्र विकास का माध्यम, ॐ कल्याणम वेलनेस की अनूठी पहल

देहरादून:

तकनीकी क्रांति और डिजिटल जीवनशैली ने जहां जीवन को सुविधाजनक बनाया है, वहीं बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक स्थिरता और आंतरिक संतुलन के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। आज का बच्चा ज्ञान तो अर्जित कर रहा है, लेकिन जीवन को समझने की कला, आत्मसंवाद, संवेदनशीलता और आत्मिक चेतना जैसे मूल तत्व कमजोर हो रहे हैं। ऐसे में केवल औपचारिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है।

इसी सोच के साथ ॐ कल्याणम द्वारा संचालित “यंग तपस्वी” कार्यक्रम बच्चों और युवाओं के होलिस्टिक वेलनेस की दिशा में प्रेरणादायक पहल बन रहा है। यह कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आंतरिक ऊर्जा जागरण और संतुलित जीवनशैली विकसित करने की जीवन यात्रा है।

जानकारी देते हुए सचिन त्यागी ने कहा कि समाज को ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है जो बच्चों को अकादमिक रूप से सक्षम बनाने के साथ जीवन के हर आयाम में संतुलित और सशक्त बनाएं। यंग तपस्वी का उद्देश्य बच्चों में सोशल स्किल, फिजिकल फिटनेस, मानसिक दृढ़ता, भावनात्मक संतुलन, नेतृत्व क्षमता और आध्यात्मिक चेतना का विकास करना है।

उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा व्यवस्था जानकारी तो देती है, लेकिन तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, संवाद क्षमता, आत्मविश्वास और आंतरिक शांति पर गंभीर प्रयास कम हैं। ॐ कल्याणम का प्रयास है कि नई पीढ़ी को जीवन के वास्तविक मूल्यों, संतुलित सोच और स्वस्थ जीवन पद्धति से जोड़ा जाए। संस्था का मूल दर्शन है- “व्यक्ति का आंतरिक विकास ही समाज और राष्ट्र के स्थायी विकास की आधारशिला है।”

राहुल सिंह पंवार ने बताया कि यंग तपस्वी अब राष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है। कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों से बच्चे शामिल हुए, जबकि देशभर से अनुभवी ट्रेनर्स ने प्रशिक्षण दिया। यह दर्शाता है कि अभिभावक ऐसी पहल की जरूरत महसूस कर रहे हैं जो बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखे।

कार्यक्रम में योग, ध्यान, शारीरिक प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, सामूहिक नेतृत्व, संवाद कला, आत्मअनुशासन, भावनात्मक प्रबंधन और आध्यात्मिक अभ्यासों से बच्चों को प्रशिक्षित किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों की सुप्त ऊर्जा को जागृत कर उन्हें उद्देश्यपूर्ण जीवन की ओर प्रेरित करना है।

आयोजकों का मानना है कि भारत का भविष्य तभी सशक्त होगा जब नई पीढ़ी मानसिक स्वास्थ्य, नैतिक मूल्यों, आत्मिक चेतना और मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण होगी। आवश्यकता केवल सफल व्यक्तियों की नहीं, बल्कि संतुलित, संवेदनशील और जागरूक नागरिकों की है।

ॐ कल्याणम चाहता है कि भारत भीतर से स्वस्थ, संतुलित और चेतनाशील बने। यंग तपस्वी उसी संकल्प की जीवंत अभिव्यक्ति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *