
पंडितवाड़ी में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा: कृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु
देहरादून: 11 जून 2026
देहरादून के पंडितवाड़ी में क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के चौथे दिन कथा व्यास रामकृष्ण उनियाल ने अपनी मधुर वाणी से भगवान श्री कृष्ण के अवतरण की कथा सुनाई। वासुदेव-देवकी प्रसंग और कृष्ण जन्म का वृतांत सुनते ही पूरा पंडाल “जय श्री कृष्ण” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे।
इस अवसर पर एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन एवं कृष्ण जन्म की बधाई दी।
शुभ अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने कहा, “भगवान कृष्ण ने स्वयं कहा है कि जब-जब पृथ्वी पर धर्म की हानि होगी, साधु-सज्जनों पर अत्याचार बढ़ेगा और झूठ-प्रपंच का बोलबाला होगा, तब-तब मैं दुष्टों का नाश, सज्जनों का उद्धार और धर्म की स्थापना के लिए अवतार लूंगा। श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को आदर्श जीवन जीकर जीवन के सबसे बड़े सत्य मृत्यु का सामना करना सिखाती है।”
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद अभिषेक तिवारी ‘सोनू’, सुनील उनियाल एवं अनुज दत्त शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना का स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद अंजू बिष्ट, अतुल बिष्ट, राजेश्वरी डोभाल, रजनी, मधु, आनंद सिंह पुंडीर, अनुज डोभाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

