
“परीक्षा कराने में अक्षम सरकार को सत्ता पर बने रहने का अधिकार नहीं” – सूर्यकांत धस्माना
दिनांक: 03/06/2026
देहरादून: नीट परीक्षा पेपर लीक, सीबीएसई परीक्षा में कॉपी जांच घोटाला और सीयूईटी परीक्षा में गड़बड़ी के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कौलागढ़ स्थित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एक घंटे तक कार्यालय का घेराव कर केंद्र सरकार व शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा, “भाजपा सरकार ने लाखों युवाओं का भविष्य खतरे में डाल दिया है। नीट पेपर लीक और सीबीएसई-सीयूईटी में धांधली साबित करती है कि सरकार युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल रही है।” उन्होंने कहा कि नैतिकता के आधार पर धर्मेंद्र प्रधान को नीट लीक की पुष्टि होते ही इस्तीफा दे देना चाहिए था, लेकिन व्यापक गड़बड़ियों के बाद भी वे कुर्सी से चिपके हैं।

धस्माना ने कहा, “नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा का पेपर लीक होना परीक्षा व्यवस्था पर तमाचा है। सीबीएसई में उत्तरपुस्तिकाएं बदले जाने से लाखों बच्चे ठगा महसूस कर रहे हैं। अब नीट परीक्षा सेना कराएगी, यह सरकारी सिस्टम के फेल होने की स्वीकारोक्ति है। प्रधानमंत्री को धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करना चाहिए।”
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा, “भाजपा राज में शिक्षा का बाजारीकरण हुआ और अब इसे घोटालेबाजों का खिलौना बना दिया गया है। पूरे देश के युवा वर्ग में आक्रोश है। शिक्षा मंत्री को बर्खास्त न किया तो यह आक्रोश विस्फोटक हो जाएगा।”
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, युकां उपाध्यक्ष सुमित खन्ना, पार्षद संगीता गुप्ता, अभिषेक तिवारी, कोमल वोहरा, पूर्व पार्षद राजेश पुंडीर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

