ब्रेकिंग न्यूज़

पीएम श्री रा०इ०का० आईडीपीएल के हॉकी खिलाड़ियों ने जीती राज्य स्तरीय ट्रॉफी, विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत

देहरादून, 22 सितंबर

महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में दिनांक 17 से 19 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी हॉकी प्रतियोगिता में जनपद देहरादून का प्रतिनिधित्व करते हुए ट्रॉफी जीतने वाले पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल के होनहार खिलाड़ियों का आज विद्यालय में जोरदार स्वागत किया गया।

विजेता टीम में विद्यालय के छात्र अनुराग, वासू, बबलू, कृष्णा, आदर्श, चिराग और हैप्पी शामिल थे। विद्यालय पहुंचने पर समस्त छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने तालियों के साथ चैंपियनों का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह गुलेरिया ने सभी खिलाड़ियों एवं उनके मार्गदर्शक सहायक अध्यापक (शारीरिक शिक्षा) पंकज सती को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

गुलेरिया ने कहा कि, “खेल का हमारे जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। वर्तमान समय में खेल ही एकमात्र ऐसा माध्यम है जो बच्चों को नशे से दूर रख सकता है और मोबाइल पर अनावश्यक समय बर्बाद करने से बचा सकता है। खेल से न केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास भी होता है।”

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक पंकज सती ने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाएगा और चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि पीएम श्री रा०इ०का० आईडीपीएल से प्रत्येक वर्ष हॉकी में खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभाग करते आ रहे हैं, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *