ब्रेकिंग न्यूज़

उत्तराखंड के युवाओं के लिए सुनहरा मौका: UPL में उतरी ‘मसूरी शेरू क्लासिक’, जुलाई में ट्रायल

देहरादून, 7 जून 2026

उत्तराखंड प्रीमियर लीग में डेब्यू करेगी ‘मसूरी शेरू क्लासिक’, युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) के आगामी सीजन में ‘मसूरी शेरू क्लासिक’ फ्रेंचाइजी टीम पहली बार मैदान में उतरेगी। शनिवार को राजपुर रोड स्थित होटल अकेता में आयोजित पत्रकार वार्ता में टीम प्रबंधन ने अपनी योजनाओं और विजन की जानकारी दी। टीम का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के युवा क्रिकेटरों और फिटनेस एथलीटों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है।

शेरू क्लासिक के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रमोटर शेरू अंग्रीश ने बताया कि वह बतौर को-ओनर टीम से जुड़े हैं। टीम के ओनर अरुण कुमार हैं, जबकि शेरू अंग्रीश और विकास रावत को-ओनर के रूप में टीम का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं आईपीएल में लगभग 15 वर्ष खेल चुके प्रदीप सांगवान टीम के मेंटर होंगे। उनके अनुभव से युवा खिलाड़ियों को तकनीकी और मानसिक मजबूती मिलेगी।

शेरू अंग्रीश ने कहा कि शेरू क्लासिक देश का सबसे बड़ा बॉडीबिल्डिंग शो है, जहां से चुने गए एथलीट मिस्टर ओलंपिया तक पहुंचते हैं। अब क्रिकेट के जरिए भी उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक पहचान दिलाना लक्ष्य है।

ओनर अरुण कुमार ने बताया कि UPL का आयोजन 18 सितंबर से राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, देहरादून में होगा। आईपीएल की तर्ज पर होने वाली इस लीग में डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे और सोनी स्पोर्ट्स पर सीधा प्रसारण होगा। इससे प्रदेश की प्रतिभाओं को बड़ा एक्सपोजर मिलेगा।

टीम में खिलाड़ियों के चयन के लिए जुलाई में ट्रायल होंगे। ये ट्रायल टीम की आधिकारिक पार्टनर गुरुकुल क्रिकेट अकादमी में आयोजित किए जाएंगे। अकादमी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ क्रिकेट प्रशिक्षण भी देती है, ताकि संसाधनों की कमी किसी प्रतिभा की राह में रुकावट न बने।

को-ओनर विकास रावत ने प्रदेश के युवाओं से ट्रायल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मसूरी शेरू क्लासिक उत्तराखंड की क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान देने का काम करेगी।

प्रेस वार्ता में देहरादून के पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव किरण रौतेला वर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने टीम की पहल की सराहना करते हुए इसे प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने वाला कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *