
देहरादून: 19 जून 2026
शुभम ठाकुर के नेतृत्व में करणी सेना का शक्ति प्रदर्शन, सीएम आवास घेरने की चेतावनी
क्षत्रिय करणी सेना उत्तराखंड ने आज प्रदेश अध्यक्ष शुभम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं के साथ सचिवालय और पुलिस मुख्यालय का घेराव कर शक्ति प्रदर्शन किया। कैंट विधानसभा के युवाओं को साथ लेकर शुभम सिंह ठाकुर ने चुनावी तैयारी का आगाज़ कर दिया, जिससे सभी राजनीतिक दलों में हलचल मच गई है।
शुभम सिंह ठाकुर ने कहा कि कैंट विधानसभा की जनता अब बदलाव चाहती है। देहरादून की सड़कों पर आज यह साफ दिखा कि जनता न तो भाजपा को पसंद कर रही है और न ही कांग्रेस को। कैंट क्षेत्र के युवाओं ने आगामी विधानसभा चुनावों में शुभम सिंह ठाकुर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने का संकल्प लिया। युवाओं में इसको लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रमुख मांगें:
1. गरीबों की समस्याओं को लेकर करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ प्रेमनगर थाने में पुलिस द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार पर रोष जताया गया। संगठन ने दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
2. चार साल से सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत विस्थापित गरीब परिवारों को उनका हक का मुआवजा अब तक नहीं मिला है। करणी सेना ने उन्हें तत्काल प्रभाव से मुआवजा देने की मांग उठाई।
शुभम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि वे सरकार की कार्यप्रणाली से संतुष्ट हैं, लेकिन मनमानी अफसरशाही और तानाशाही रवैये के चलते प्रशासन के विरुद्ध खड़े हैं। उन्होंने देहरादून जनपद में विधि-व्यवस्था के संपूर्ण विघटन, प्रेमनगर थाने में जनप्रतिनिधियों से अभद्र व्यवहार, शिकायत दर्ज करने में विफलता तथा विस्थापितों को न्यायोचित मुआवजे से वंचित किए जाने पर नाराजगी जताई।
क्षत्रिय करणी सेना ने शासन-प्रशासन से कहा है कि यदि इन मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव रवि सजवान, मयंक चौहान, मनीष चौहान, सरिता कोटियाल, मीना मौर्या, संगीता, सविता, प्रियांशी डोगरा, मिहिर मिश्रा, देवांश कुमार, बलविंदर सिंह, राहुल राजपूत समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
